पशु आहार दर वृद्धि स्थगित होने से 55 हजार पशुपालकों को राहत
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा की पहल पर पशुपालकों को राहत मिली है। उन्होंने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा को पत्र भेजकर 14 सितंबर को पशु आहार की दरों में की गई वृद्धि के आदेश पर पुनर्विचार की मांग की थी।
मुकेश बोरा के अनुसार, मंत्री के निर्देश पर पशु आहार की बढ़ी दरों और अनुदान में संशोधन संबंधी आदेश को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। इससे नैनीताल जिले के करीब 34 हजार और प्रदेश के लगभग 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि 14 सितंबर के आदेश में पशु-पक्षी आहार, मिनरल मिक्सचर, कॉम्पैक्ट फीड तथा साइलेज-भूसा की दरों में वृद्धि की गई थी। बरसात, आपदा और आगामी त्योहारी सीजन के बीच दर वृद्धि से पशुपालकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ सकता था।
मुकेश बोरा ने पशुपालकों के हित में निर्णय लेने के लिए मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में दर वृद्धि का आदेश स्थगित होना दुग्ध उत्पादक पशुपालकों के लिए राहत भरा निर्णय है।
