Advertisement

मध्यप्रदेश के सतना के एक स्पा सेंटर में आधी रात हाई वोल्टेज ड्रामा

देखने को मिला. मदद के लिए पुलिस को फोन करने वाली युवतियां बाहर नहीं निकल पा रही थीं. क्योंकि, गेट पर बाहर से ताला लगा था. सूचना पर जांच के दौरान पुलिस ने देखा कि स्पा सेंटर के भीतर कई युवतियां मौजूद थीं, जबकि बाहर निकलने वाला चैनल गेट बंद था. पूछताछ में युवतियों ने बताया कि गेट की चाबी मैनेजर के पास है और वे बाहर नहीं निकल पा रही हैं. जब काफी कोशिशों के बावजूद गेट नहीं खुला तो पुलिस ने मौके पर ही ताला तुड़वाकर सभी युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला.

पुलिस के अनुसार, डायल-112 पर सूचना मिली थी कि खजुरी टोला में संचालित स्पा सेंटर में काम करने वाली कुछ युवतियां संचालक और मैनेजर के व्यवहार से परेशान हैं तथा वहां विवाद की स्थिति बनी हुई है. इतना ही नहीं युवतियों को स्पा सेंटर में बंधक बना लिया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई.
पूछताछ में युवतियों ने बताया कि, वे असम की रहने वाली हैं और इसी स्पा सेंटर में काम करती हैं. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने स्पा सेंटर के संचालक और मैनेजर को भी मौके पर बुलाया. इसके बाद सभी पक्षों से अलग-अलग बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई गई.

स्पा सेंटर में काम करने वाली युवतियों ने संचालक और मैनेजर पर अभद्र व्यवहार करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए. हालांकि, जब पुलिस ने लिखित शिकायत देने को कहा तो किसी भी पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया.

शिकायत नहीं मिली, समझाइश देकर निपटा मामला
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रवीन्द्र द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी पक्षों से पूछताछ की. चूंकि, किसी भी युवती ने लिखित शिकायत नहीं दी, इसलिए कानूनी कार्रवाई नहीं की जा सकी. पुलिस ने सभी को समझा बुझाकर विवाद शांत कराया और मामला वहीं समाप्त कर दिया.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *