भारी बारिश के अलर्ट के चलते काशीपुर तहसील दिवस स्थगित
उधम सिंह नगर: भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 21 जुलाई 2026 को जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 21 जुलाई को काशीपुर में आयोजित होने वाला तहसील दिवस स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन ने बताया कि आमजन की सुरक्षा एवं संभावित मौसम संबंधी जोखिमों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन के अनुसार, तहसील दिवस की नई तिथि बाद में अलग से घोषित की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।
