Advertisement

बिहार के बेगूसराय में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया. साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित एनएच-31 पर देर रात तेज रफ्तार कार और ट्रक की टक्कर में तीन थाना प्रभारियों समेत चार लोगों की मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई.

मृतकों की पहचान रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और निजी चालक ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है.
सभी पुलिस अधिकारी पटना में आयोजित एक दिवसीय ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल होने के बाद गुरुवार देर रात कार से मधेपुरा लौट रहे थे. इसी दौरान साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा के पास कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए.
हादसे में थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, थाना प्रभारी नीरज कुमार और चालक ज्योतिष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी साजन पासवान को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडेय समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जायजा लिया. बेगूसराय रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार और मधेपुरा के एसपी भी सदर अस्पताल पहुंचे तथा पूरे मामले की जानकारी ली.

पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. हादसे के बाद मृतक पुलिस अधिकारियों के परिजनों को सूचना दे दी गई है. घटना की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक का माहौल बन गया.

बेगूसराय एसपी मनीष कुमार ने कहा कि पटना से ट्रेनिंग से लौट रहे तीन थाना प्रभारी और उनका चालक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए. हादसा साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा के पास हुआ, जिसमें चारों की मौत हो गई. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *