Advertisement

इंस्टाग्राम पर दोस्ती बनी जानलेवा, महिला पर पत्थर से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
टिहरी गढ़वाल। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुई। टिहरी पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद महिला से मुलाकात की और विवाद होने पर उस पर पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 को ज्ञानसू निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली चंबा में तहरीर देकर बताया कि उसकी चाची 4 जून को दवाई लेने के लिए चंबा गई थीं, जिसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। काफी तलाश के बाद महिला चंबा क्षेत्र के भंडार गांव स्थित एक खेत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। उनके सिर पर गहरी चोटें थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां से वर्तमान में उनका उपचार देहरादून के जौलीग्रांट अस्पताल में चल रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी श्वेता चौबे के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक चंबा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस ने 9 जून को आरोपी सुरेश लाल उर्फ सूरज पुत्र गुलाब लाल निवासी ग्राम कठ्यूड़, थाना पैठाणी, जनपद पौड़ी गढ़वाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उस समय मसूरी में अपनी बहन के घर जाने की कोशिश कर रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से महिला से हुई थी। दोनों के बीच पिछले कई महीनों से बातचीत चल रही थी और वे कई बार मिल चुके थे। 4 जून को दोनों भंडार गांव के एक सुनसान खेत में मिले, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने महिला का मोबाइल फोन छीनकर झाड़ियों में फेंक दिया और पत्थर से उसके सिर पर हमला कर दिया। महिला के घायल होने के बावजूद उसने दोबारा हमला किया और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया, सिम कार्ड नष्ट कर दिया और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छिपता रहा। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना से जुड़े साक्ष्य और महिला का मोबाइल फोन बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से सोशल मीडिया के माध्यम से बनने वाले संबंधों में सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *