Advertisement

दो महीने बाद मिला लापता बेटा, हरिद्वार पुलिस ने ओडिशा के मासूम को परिजनों से मिलाया
हरिद्वार। दो माह से लापता ओडिशा के एक मासूम बालक को हरिद्वार पुलिस ने सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटे की सुरक्षित वापसी से परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा, वहीं ओडिशा पुलिस ने भी हरिद्वार पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
जानकारी के अनुसार एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) हरिद्वार ने एक जून को गुमशुदा बच्चों की तलाश अभियान के दौरान सुभाष घाट के पास एक बालक को दयनीय हालत में रेस्क्यू किया था। बालक अपनी पहचान स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था, लेकिन उसकी भाषा और बोली के आधार पर पुलिस ने उसके ओडिशा से होने की संभावना जताई और संबंधित पुलिस अधिकारियों से संपर्क शुरू किया।
काफी प्रयासों के बाद पता चला कि बालक थाना बनारपाली, जिला झारसुगुड़ा (ओडिशा) का रहने वाला है। उसकी गुमशुदगी को लेकर परिजनों ने 29 अप्रैल को मामला दर्ज कराया था। दो महीने से बेटे का कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार चिंतित था।
हरिद्वार पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिए बालक की पहचान उसके परिजनों से कराई। पहचान की पुष्टि होने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बाल कल्याण समिति के आदेश पर बालक को उसके पिता रविंद्र पात्रा और ओडिशा पुलिस टीम के सुपुर्द कर दिया गया।
बेटे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया। वहीं ओडिशा पुलिस ने भी एएचटीयू हरिद्वार की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की।
इस पूरी कार्रवाई में एएचटीयू की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *