महिला कर्मचारियों की सुरक्षा पर जोर: हल्द्वानी वन प्रभाग में आत्मरक्षा कार्यशाला आयोजित
हल्द्वानी। महिला कर्मचारियों की व्यक्तिगत सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से हल्द्वानी वन प्रभाग द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। गुरुवार को प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशन में पूर्णागिरि सभागार में प्रभाग के अंतर्गत तैनात सभी महिला फील्ड कर्मचारियों के लिए आत्मरक्षा एवं कार्यस्थल पर सुरक्षा विषयक एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक कुमकुम धानिक, सुनीता सीपाल तथा वन विभाग से जूजित्सु खिलाड़ी एवं वन दरोगा नव्या पाण्डेय ने प्रशिक्षक के रूप में भाग लिया। इस दौरान महिला कर्मचारियों को आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाए गए।
प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को सबसे पहले मानसिक रूप से सशक्त रहने की आवश्यकता पर जोर देते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति में संयम और सतर्कता बेहद महत्वपूर्ण होती है। इसके बाद आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों जैसे पकड़ से छूटना, संतुलन बनाए रखना और सही समय पर प्रभावी प्रतिक्रिया देना सिखाया गया।
उपनिरीक्षक कुमकुम धानिक ने आत्मरक्षा के साथ-साथ बीएनएस की विभिन्न धाराओं, महिलाओं से संबंधित कानूनी अधिकारों और साइबर अपराधों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाएं अपने अधिकारों को जानकर और जागरूक रहकर खुद को अधिक सुरक्षित बना सकती हैं।
कार्यशाला में महिला कर्मचारियों को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही उन्हें यह भी सिखाया गया कि संभावित खतरे को पहले से कैसे पहचानें और उससे बचाव के लिए क्या कदम उठाए जाएं।
इस अवसर पर हेल्पलाइन सेवाओं और आपातकालीन सहायता के बारे में भी जानकारी दी गई, जिससे महिलाएं जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद प्राप्त कर सकें।
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE
