रेशमबाड़ी में खूनी संघर्ष: चाकू से हमला कर युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद पहुंचा खूनी अंजाम तक, बीच-बचाव करने आए लोगों पर भी चाकू से किए वार; चार अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
रुद्रपुर। रेशमबाड़ी में मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद एक पक्ष के युवक अपने साथियों के साथ दूसरे पक्ष के घर पहुंच गए और परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने आए लोगों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। हमले में लीलाधर की मौत हो गई, जबकि राहुल समेत अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मामले में एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर रुद्रपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, चार अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर की रात रेशमबाड़ी मुख्य मार्ग पर अनुज और विनोद कश्यप के बीच मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद विनोद कश्यप अपने साथियों के साथ रेशमबाड़ी निवासी राम अवतार के घर पहुंच गया। यहां दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान लीलाधर, राहुल और परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में कई लोग घायल हो गए। सभी को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। जोहरी लाल की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या, बलवा, मारपीट और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान सामूहिक आपराधिक मंशा से संबंधित धारा 3(5) बीएनएस भी बढ़ाई गई है।
पुलिस ने शुक्रवार 27 नवंबर को किच्छा रोड स्थित बागवाड़ा मंडी के सामने से दो आरोपियों सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह (18 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 12 रेशमबाड़ी और विनोद कश्यप पुत्र राजेंद्र कश्यप (19 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 13 दूधियानगर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।