
गंगोत्री हाईवे पर 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत
रूणवासा के पास दर्दनाक हादसा, टाटा पंच के खाई में गिरने से चालक ने मौके पर तोड़ा दम
नौगांव से उत्तरकाशी आ रही कार हादसे का शिकार, एसडीआरएफ ने खाई से निकाला शव
उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। नौगांव से उत्तरकाशी की ओर आ रही टाटा पंच कार रूणवासा के पास अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार एकमात्र व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र उत्तरकाशी के अनुसार दुर्घटना शुक्रवार शाम करीब 3:20 बजे हुई। टाटा पंच कार संख्या यूके-07-2191 नौगांव से उत्तरकाशी की ओर आ रही थी। इसी दौरान रूणवासा के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से फिसलकर लगभग 200 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित विभागों की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
हादसे में मृतक की पहचान बर्फिया लाल केशवानी पुत्र सफरी लाल, उम्र 56 वर्ष, निवासी ग्राम तुनाल्का, नौगांव, उत्तरकाशी के रूप में हुई है। वाहन में उनके अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद मृतक के शव को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद आवश्यक पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ भेजा गया।
घटनास्थल पर पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीमें मौजूद रहीं। आपातकालीन चिकित्सा सेवा 108 की एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।