
जेसीबी मशीन के नाम पर 98 लाख रुपये के बैंक लोन की धोखाधड़ी, हल्द्वानी निवासी आरोपी गिरफ्तार
लोन दिलाने का झांसा देकर महिला के दस्तावेजों पर लिया था कर्ज, फर्जी जेसीबी मशीनों की निकासी दिखाकर किया गबन; गैर जमानती वारंट पर रायपुर पुलिस ने की गिरफ्तारी
देहरादून/हल्द्वानी। जेसीबी मशीन खरीदने के लिए बैंक से लोन दिलाने के नाम पर एक महिला के साथ 98 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में देहरादून पुलिस ने हल्द्वानी निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर महिला के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बैंक से लाखों रुपये का ऋण लेने और फर्जी जेसीबी मशीनों की निकासी दर्शाकर धनराशि का दुरुपयोग करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, रायपुर थाना क्षेत्र के किदुवाला स्थित बोगन विला निवासी महिला ने 30 जनवरी 2026 को थाने में तहरीर देकर बताया था कि रतीश चन्द्रा उर्फ रितेश चन्द्रा ने उसके दस्तावेजों के आधार पर 98 लाख रुपये का बैंक लोन लिया। आरोपी ने अपनी कंपनी यूनिटेक के माध्यम से फर्जी जेसीबी मशीनों की निकासी दर्शाकर स्वयं को अनुचित लाभ पहुंचाया और उसके साथ धोखाधड़ी की।
महिला की शिकायत पर रायपुर थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 52/26 दर्ज करते हुए धारा 420 और 406 के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान आरोपी बयान दर्ज कराने के लिए उपस्थित नहीं हुआ और जांच में भी सहयोग नहीं कर रहा था।
इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट प्राप्त किया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए रायपुर पुलिस टीम ने आरोपी रतीश चन्द्रा (43) पुत्र गिरीश बाबू चन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र स्थित कुसुमखेड़ा, विकासनगर फेज-2 का निवासी बताया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय भट्ट और हेड कांस्टेबल गजेन्द्र सिंह शामिल रहे।