रामनगर में महिला की हत्या का खुलासा, पुरानी रंजिश में तीन गिरफ्तार

Advertisement

सीसीटीवी फुटेज से खुला वारदात का राज, डंडे, लोहे का पाना और पत्थर बरामद

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र के ग्राम किशनपुर छोई में हुई 56 वर्षीय महिला विमला देवी की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की वारदात को पुरानी रंजिश और बदले की भावना के चलते अंजाम दिया गया। आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट करने के बाद उसके शव को वाहन से घटनास्थल के पास फेंक दिया था।

पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त विमला देवी पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट के रूप में की। महिला के शरीर पर चोटों के गंभीर निशान मिले। मृतका के पुत्र कुंदन सिंह की तहरीर पर रामनगर कोतवाली में हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की टीमों ने जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर तीन संदिग्ध महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते और बाद में वाहन से शव को घटनास्थल के पास फेंकते दिखाई दिए।

जांच में मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल (32) निवासी किशनपुर छोई की पहचान हुई। पुलिस के अनुसार, मोहित अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेना चाहता था। इसी रंजिश में उसने अपने दो साथियों सैरान (21) और मोहम्मद अब्बूजर (22), निवासी खताड़ी, के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तीन डंडे, लोहे का पाना, पत्थर, घटना में इस्तेमाल वाहन संख्या UK04 AN6012 और मृतका के पेटीकोट का नाड़ा बरामद किया। एसएसपी ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को दो हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *