
गौकशी के आरोपी हिस्ट्रीशीटर नदीम पर पुलिस का शिकंजा, एक माह के लिए हरिद्वार से जिला बदर
झबरेड़ा पुलिस की रिपोर्ट पर जिला मजिस्ट्रेट ने जारी किए आदेश, सीमा में प्रवेश करने पर होगी सख्त कार्रवाई
झबरेड़ा। आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में झबरेड़ा पुलिस ने आदतन गौकशी के आरोपी एवं हिस्ट्रीशीटर नदीम को एक माह के लिए जिला बदर कराया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम लाठरदेवा शेख निवासी नदीम पुत्र सलीम के खिलाफ लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के चलते गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की संस्तुति की गई थी। झबरेड़ा पुलिस की रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट हरिद्वार ने उसे एक माह तक जनपद की सीमा से बाहर रहने के आदेश जारी किए।
आदेश प्राप्त होते ही पुलिस ने जिला बदर की कार्रवाई अमल में लाते हुए नदीम को निर्धारित अवधि तक हरिद्वार जनपद में प्रवेश नहीं करने की हिदायत दी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन कर जनपद की सीमा में प्रवेश करने पर उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चुनाव को प्रभावित करने वाले अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस टीम में शामिल उपनिरीक्षक नीरज रावत एवं हेड कांस्टेबल रामवीर सिंह।