
त्योहारी सीजन को देखते हुए सुबह पांच बजे से चला चेकिंग अभियान, दो दर्जन से अधिक वाहनों की जांच
रामनगर। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार सुबह रामनगर के हल्दुआ फॉरेस्ट चेकपोस्ट पर सघन जांच अभियान चलाया। सुबह पांच बजे से शुरू हुए इस अभियान के दौरान जनपद में प्रवेश करने वाले दो दर्जन से अधिक वाहनों की जांच की गई। इनमें दूध, पनीर, खोया, दही और किराना सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाले वाहन शामिल रहे।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड के निर्देशों तथा जिलाधिकारी के आदेशों के क्रम में उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान संदेह के आधार पर तीन वाहनों से दूध, पनीर और दही के कुल पांच खाद्य नमूने लिए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जांच के दौरान एक वाहन में 60 किलोग्राम पनीर और क्रीम पाया गया। विभागीय टीम ने मौके पर पनीर का प्राथमिक परीक्षण किया, जिसमें गुणवत्ता सही पाई गई। हालांकि, विस्तृत जांच के लिए पनीर का नमूना भी लिया गया। वहीं, अन्य दो वाहनों से दूध, दही और पनीर के नमूने संग्रहित किए गए। इस दौरान दुग्ध कारोबारियों को खाद्य पदार्थों का उचित तरीके से भंडारण करने तथा गुणवत्तायुक्त दुग्ध उत्पादों की ही बिक्री करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजार में गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार जागरूकता और निरीक्षण अभियान चला रहा है। खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट नहीं करने तथा पैक्ड खाद्य सामग्री पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और बैच नंबर स्पष्ट रूप से अंकित रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित करना, ग्राहकों को बिल या कैश मेमो देना तथा एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस अथवा पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रदर्शित करना अनिवार्य है। इसके अलावा खराब और कालातीत खाद्य सामग्री की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से नियमों का पालन करने की अपील की है।
कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।