हरिद्वार में सौतेले पिता पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Advertisement

शोषण से परेशान होकर घर छोड़कर बड़ी बहन के पास पहुंची थी किशोरी, गुमशुदगी की जांच में हुआ मामले का खुलासा

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। किशोरी के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की कथित हरकतों से परेशान होकर किशोरी घर छोड़कर हिमाचल प्रदेश में रहने वाली अपनी बड़ी बहन के पास चली गई थी। आरोपी सौतेले पिता ने ही किशोरी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

पुलिस के मुताबिक, 16 वर्षीय किशोरी के लापता होने के संबंध में एक व्यक्ति की तहरीर पर ज्वालापुर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 735/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में मामला दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर किशोरी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तलाश के दौरान किशोरी को हिमाचल प्रदेश स्थित उसकी बड़ी बहन के घर से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि उसके पिता की मृत्यु के बाद उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी। आरोप है कि इसके बाद उसका सौतेला पिता उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। कथित शोषण से परेशान होकर वह बिना किसी को बताए घर से निकलकर अपनी बड़ी बहन के पास चली गई थी।

पुलिस ने किशोरी के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर 4 नवंबर को आरोपी सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(1), 5(m), 5(n) और 6 की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।

आरोपी का विवरण: सचिन कुमार पुत्र सावनिया, निवासी जलालाबाद, थाना नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी सीतापुर, कोतवाली ज्वालापुर, हरिद्वार।

पुलिस टीम में शामिल: उपनिरीक्षक सोनल रावत, अपर उपनिरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा और महिला कांस्टेबल प्रियंका तोमर।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *