
हीरानगर में कार्रवाई, तेज आवाज वाले साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न उतरवाए
हल्द्वानी। शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर हीरानगर क्षेत्र में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज आवाज वाले हॉर्न लगे करीब 15 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया गया।
प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में चौकी प्रभारी हीरानगर संजीत राठौर और पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान वाहनों में लगे मॉडिफाइड रेट्रो साइलेंसर और तेज ध्वनि उत्पन्न करने वाले हॉर्न की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने सीज किए गए वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिए। साथ ही वाहनों में कंपनी निर्मित सामान्य ध्वनि वाले साइलेंसर लगवाए गए। इसके बाद नियमानुसार वाहनों को सुपुर्द किया गया।
नैनीताल पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल न करें। यातायात नियमों का पालन करें और ध्वनि प्रदूषण फैलाने से बचें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।