
नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार रात एक जूता बनाने वाली फैक्ट्री भीषण आग लग गई। आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोग घायल हैं। दिल्ली पुलिस ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में रात नौ बजकर 32 मिनट पर आग लगने की सूचना मिलने के बाद दिल्ली अग्निशमन सेवा ने दमकल की 20 गाड़ियों को मौके पर भेजा।
पुलिस के अनुसार, फैक्टरी के अंदर से छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया और संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
छह लोगों को निकाला गया, चार की मौत
बचाव अभियान के दौरान दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री के भीतर से छह लोगों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला. सभी को तत्काल मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है. मृतकों की पहचान और हादसे के समय फैक्ट्री में मौजूद कुल कर्मचारियों की संख्या का पता लगाया जा रहा है.
बेसमेंट से शुरू हुई आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में स्थित एक फुटवियर फैक्ट्री में शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं और बचाव अभियान शुरू किया गया. दमकल अधिकारियों के मुताबिक आग सबसे पहले फैक्ट्री के बेसमेंट में लगी थी. वहां से धुआं और आग ऊपरी मंजिलों तक फैल गई, जिससे फैक्ट्री में मौजूद लोग अंदर फंस गए.