हल्द्वानी में यातायात पुलिस का सघन अभियान, तीन वोल्वो बसें सीज

73 वाहनों के चालान, रोडवेज स्टेशन से मंगल पड़ाव तक हटवाए अवैध रेहड़ी-ठेले
हल्द्वानी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए नैनीताल पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर तीन वोल्वो बसों को सीज किया गया, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन और अन्य अनियमितताओं पर 73 वाहनों के चालान किए गए। इसके साथ ही सड़क किनारे यातायात बाधित कर रहे अवैध रेहड़ी-ठेलों को भी हटवाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मासिक अपराध गोष्ठी में जिले के सभी थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस और सीपीयू के अधिकारियों को यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में यातायात निरीक्षक भूपेश पांडेय और सीपीयू प्रभारी जगदीश राम के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न व्यस्त एवं संवेदनशील मार्गों पर चेकिंग की।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन कर संचालित की जा रही तीन वोल्वो बसों को अलग-अलग स्थानों पर सीज किया गया। वहीं, ओवरलोडिंग, यातायात नियमों के उल्लंघन और यातायात बाधित करने वाले कुल 73 वाहनों के चालान किए गए।
इसके अलावा रोडवेज बस स्टेशन से मंगल पड़ाव तक सड़क किनारे लगी अवैध रेहड़ी-ठेलियों को हटवाया गया, ताकि पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो।
नैनीताल पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़कों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।