
उत्तराखंड में 25 से 31 अक्टूबर तक पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के आसार, मैदानी जिलों में मौसम रहेगा शुष्क
देहरादून। उत्तराखंड में अगले एक सप्ताह के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 25 अक्टूबर को देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
26 और 27 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं, 28 अक्टूबर को भी मौसम के शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।
29 अक्टूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। अन्य जनपदों में मौसम शुष्क रह सकता है।
30 और 31 अक्टूबर को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। इन दिनों भी राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक
मौसम के पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।