
पिथौरागढ़,
पुरानी भ्रामक वीडियो प्रसारित करने पर जिलाधिकारी सख्त, संबंधित सोशल मीडिया संचालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश
सोशल मीडिया के कतिपय प्लेटफॉर्म पर एक पुराना वीडियो प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है, जिसमें एक ट्रक बैली ब्रिज पर पोकलेन मशीन लेकर गुजरता दिखाई दे रहा है और इसी दौरान बैली ब्रिज टूटकर नीचे गिर जाता है। उक्त वीडियो जनपद पिथौरागढ़ के मुनस्यारी क्षेत्र अंतर्गत धापा बैंड का है, जो जून 2020 का बताया जा रहा है। वर्तमान समय में इस पुराने वीडियो को प्रसारित किए जाने से लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होने और भय का माहौल बनने की आशंका है।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुरानी वीडियो को वर्तमान की घटना के रूप में प्रसारित कर लोगों को भ्रमित करने के प्रयास को गंभीरता से लिया है। उन्होंने जिला आपदा प्रबंधन को संबंधित सोशल मीडिया संचालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, इस प्रकार के भ्रामक एवं तथ्यहीन प्रचार-प्रसार के मामलों में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो अथवा सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और प्रामाणिकता की पुष्टि अवश्य कर लें। पुरानी घटनाओं के वीडियो को वर्तमान की घटना के रूप में प्रसारित करने से आमजन में अनावश्यक भ्रम एवं भय की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने लोगों से इस प्रकार की भ्रामक वीडियो पोस्ट करने अथवा साझा करने से बचने तथा जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का उपयोग करने की अपील की है।