कालापातल-सलियाकोट-अनर्पा मोटर मार्ग पर छह करोड़ से हो रहा डामरीकरण, मंत्री कैड़ा ने किया निरीक्षण

Advertisement

अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र कार्य पूरा करने के निर्देश, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक में लंबे समय से बदहाल कालापातल से सलियाकोट-अनर्पा तक मोटर मार्ग की स्थिति में सुधार की उम्मीद जगी है। मार्ग पर छह करोड़ रुपये की लागत से डामरीकरण कार्य कराया जा रहा है। शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

मोटर मार्ग लंबे समय से खराब होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा से मार्ग पर डामरीकरण कराने की मांग की थी। जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों को मार्ग की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मार्ग पर डामरीकरण के लिए छह करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई।

निरीक्षण के दौरान मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रीय जनता को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र की सड़कों को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक सहित विभिन्न क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होने से स्थानीय लोगों, किसानों और पर्यटकों को लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक क्षेत्र में जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। बदहाल सड़कों को दुरुस्त कर लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य जारी रहेगा।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *