
गौरा शक्ति ऐप पर शिकायत के बाद शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के आरोप में पुलिस ने राजेश भारद्वाज (30) को गिरफ्तार किया है। पीड़िता ने 15 अक्टूबर को गौरा शक्ति ऐप के माध्यम से पुलिस को शिकायत दी थी।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया और अब दूसरी युवती से सगाई कर ली। पीड़िता ने एक अन्य व्यक्ति पर समझौते का दबाव बनाने और जबरन हस्ताक्षर कराने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने महिलाओं से उत्पीड़न या धमकी की स्थिति में तत्काल शिकायत करने की अपील की है।