दुग्ध संघ बोर्ड बैठक में 34 प्रस्तावों पर चर्चा, कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी
76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों पर भी बनी रणनीति
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रशासनिक भवन में बुधवार को अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में संचालक मंडल की बैठक आयोजित हुई। बैठक में दुग्ध संघ के संचालन, आगामी कार्ययोजनाओं और 76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बोर्ड के समक्ष कुल 34 प्रस्ताव रखे गए, जिनमें कई प्रस्तावों पर चर्चा के बाद स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक की शुरुआत स्वर्गीय किशन सिंह बिष्ट के निधन पर शोक व्यक्त करने के साथ हुई। अध्यक्ष, संचालक मंडल के सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि विषम परिस्थितियों में दुग्ध संघ शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय किशन सिंह बिष्ट के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके नाम से नवनिर्मित दुग्ध समिति भवन का निर्माण कराए जाने पर भी सहमति बनी।
बोर्ड बैठक में 76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन के आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं और तैयारियों पर रणनीति बनाई गई। साथ ही अधिवेशन से संबंधित प्रस्ताव निबंधक को भेजे जाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली और आगामी योजनाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर बोर्ड सदस्यों ने चर्चा की।
बैठक में पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में दुग्ध उत्पादकों को मिलने वाली दुग्ध लाभ राशि को दो करोड़ 52 लाख रुपये से बढ़ाकर दो करोड़ 75 लाख रुपये किए जाने तथा दीपावली से पूर्व भुगतान किए जाने संबंधी प्रस्ताव को निबंधक के पास भेजने पर सहमति बनी। वहीं कर्मचारीगण को 17 प्रतिशत बोनस/एक्स-ग्रेशिया दिए जाने का प्रस्ताव भी निबंधक को भेजे जाने पर सहमति बनी। कामगारों सहित दुग्ध संघ से जुड़े करीब 440 श्रमिकों को प्रोत्साहन राशि देने के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बैठक में बकाया राशि की वसूली को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि विपणन एवं परिवहनकर्ताओं पर बकाया धनराशि की वसूली में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। एक सप्ताह के भीतर बकाया राशि जमा नहीं करने वाले संबंधित परिवहनकर्ताओं को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बकाया धनराशि की वसूली के लिए संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पीएंडआई सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, प्रभारी सुरेश चंद्र, स्टोर प्रभारी खलील अहमद समेत दुग्ध संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
