Advertisement

खाद्य विभाग की छापेमारी, दूध और गुलाब जामुन के नमूने लिए

रामनगर। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को रामनगर के मंगलार रोड और गुलरघट्टी क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान चलाया। इस दौरान पांच खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी रामनगर एवं कालाढूंगी असलम खान के नेतृत्व में टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, स्वच्छता मानकों और खाद्य पदार्थों के भंडारण की स्थिति की जांच की। दुकानदारों को नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

दूध और गुलाब जामुन के नमूने जांच को भेजे

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और संभावित मिलावट की जांच के लिए टीम ने एक दूध और एक गुलाब जामुन का नमूना लिया। दोनों नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए फूड लैब भेजा गया है। विभाग के अनुसार लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दो दुकानदारों को सात दिन का नोटिस

निरीक्षण के दौरान दो खाद्य कारोबारियों के पास वैध खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीकरण नहीं मिला। इस पर दोनों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सात दिन का सुधारात्मक नोटिस जारी किया गया। साथ ही तत्काल लाइसेंस बनवाने अथवा संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में लाइसेंस नहीं बनवाने पर प्रतिष्ठानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने कारोबारियों को खाद्य पदार्थों में किसी भी तरह की मिलावट नहीं करने और उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा और कार्रवाई की रिपोर्ट नियमित रूप से आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *