बोहली रेलवे स्टेशन पर नेफ्था तेल चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार
तेल चोरी की साजिश में स्टेशन अधीक्षक समेत सात अन्य पर भी जांच का शिकंजा
पानीपत। बोहली रेलवे स्टेशन पर टैंकर से नेफ्था तेल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में रेलवे कर्मचारियों समेत कई अन्य लोगों की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें मुकदमे की जांच में शामिल कर वांछित किया गया है।
जानकारी के अनुसार 19 अगस्त को बोहली स्टेशन पर बीटीपीएन से तेल चोरी के मामले में ट्रक और चोरी में इस्तेमाल सामान बरामद कर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान 24 अगस्त को विनीत कुमार निवासी पानीपत और चंदन कुमार निवासी पानीपत को बोहली स्टेशन के पास से पकड़ा गया।
पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर बताया कि मनोज जैन उर्फ मोनू के माध्यम से तेल चोरी की योजना बनाई गई थी। चोरी के लिए ट्रक, पाइप और अन्य सामान की व्यवस्था की गई थी। 18 अगस्त को दोनों बोहली स्टेशन पहुंचे, जहां चौकीदार की मदद से प्रवेश कराया गया। इसी दौरान आईओसीएल अधिकारियों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
जांच के आधार पर स्टेशन अधीक्षक गोविंद नारायण मीणा को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं दीपक, लव कुश, बिजेंद्र, सतवीर सिंह, राम अवतार, चमन अली और मनोज जैन उर्फ मोनू को जांच में शामिल कर वांछित किया गया है। मामले की जांच जारी है।
