रामनगर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, आटा और गरम मसाले के नमूने लिए
रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान, तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
रामनगर। आगामी रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को रामनगर के शिवलालपुर और चिलकिया क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए। मिलावटखोरी पर रोक लगाने और लोगों को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए गए अभियान के दौरान तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान दो खाद्य उत्पादन इकाइयों से गेहूं के आटे और खड़े गरम मसाले के विधिक नमूने लिए गए। नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, ऊधमसिंहनगर भेजा जा रहा है।
एक प्रतिष्ठान संचालक मौके पर खाद्य पंजीकरण प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसे पंजीकरण प्रस्तुत करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया। वहीं मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल और खाद्य टेस्ट रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होने पर संबंधित प्रतिष्ठान को ऑनलाइन अनुपालन प्रस्तुत करने के लिए 15 दिन की मोहलत दी गई है। निर्धारित अवधि में अनुपालन नहीं करने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
कार्रवाई वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामनगर एवं कालाढूंगी असलम खान के नेतृत्व में की गई।
