देहरादून में आरटीओ की बड़ी कार्रवाई, 70 वाहनों के चालान, 15 सीज
देहरादून। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) देहरादून ने सोमवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान 70 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 15 वाहनों को सीज किया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) रत्नाकर सिंह के निर्देशन में जीएमएस रोड, शिमला बाईपास, हरिद्वार बाईपास, आईएसबीटी और आशारोड़ी क्षेत्र में सघन चेकिंग की गई। कार्रवाई में एआरटीओ प्रवर्तन टीम के साथ इंटरसेप्टर टीम और आशारोड़ी फ्लाइंग स्क्वायड भी शामिल रहे।
अधिकारियों के अनुसार अनधिकृत हूटर/सायरन, मानक के विपरीत काली फिल्म, बिना वैध दस्तावेज वाहन चलाने, फिटनेस व परमिट संबंधी नियमों के उल्लंघन, अनधिकृत उपयोग और ओवरस्पीडिंग के मामलों में कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान शिमला बाईपास स्थित ग्लास फार्म से गोरखपुर चौक के बीच एक वाहन चालक लापरवाही से वाहन चलाते और अनधिकृत हूटर का इस्तेमाल करते मिला। पूछताछ में चालक के नाबालिग होने की प्रथम दृष्टया आशंका जताई गई। टीम ने वाहन रोकने का प्रयास किया तो चालक इंटरसेप्टर वाहन के सामने से निकलकर एक गली में चला गया और घर में जाकर बैठ गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चालक ने वाहन की चाबी टीम को सौंपी।
आरटीओ प्रवर्तन देहरादून संभाग अनिता चमोला ने कहा कि अनधिकृत हूटर-सायरन और निर्धारित मानकों के विपरीत काली फिल्म का इस्तेमाल गंभीर उल्लंघन है। ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों से मोटर वाहन नियमों का पालन करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा।
