पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दौलिया में ‘उमंग’ पत्रिका का भव्य विमोचन, मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान
दौलिया (नैनीताल)। पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, दौलिया में विद्यालय की वार्षिक पत्रिका “उमंग” का भव्य विमोचन मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल श्री रणजीत सिंह नेगी के करकमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने बैंड की धुन और तिलक लगाकर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बनाया। इसके बाद छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत कुमाऊनी और गढ़वाली लोकनृत्य प्रस्तुत किए। कक्षा 12 की छात्रा किरण कांडपाल ने शास्त्रीय एकल नृत्य तथा तमन्ना ने प्रेरणादायक कविता प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर परिषदीय परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कक्षा 12 की छात्रा दिया सनवाल तथा हाईस्कूल की छात्रा चित्रांशी मिश्रा को मुख्य शिक्षा अधिकारी ने सम्मानित किया। साथ ही समर कैंप की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री रणजीत सिंह नेगी ने अपने संबोधन में छात्राओं को कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए प्रधानाचार्या एवं समस्त शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं प्रधानाचार्या डॉ. भारती नारायण भट्ट ने विद्यालय परिसर में इको क्लब के माध्यम से छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि (नैनीताल एवं ऊधमसिंह नगर) श्री लक्ष्मण सिंह खाती, ग्राम प्रधान श्रीमती राधा कैलाश भट्ट, अभिभावक संघ की अध्यक्ष जानकी देवी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता बीना मेहरा ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के कल्पना जोशी, अभिलाषा कीर्ति, देवश्री मनराल, रीता लसपाल, हंसा पाण्डेय, प्रियंका चमयाल, रंजना रौतेला, मोनिका किलकोटी, कंचन पाण्डेय, कमला जोशी, नीता बिष्ट, जया आर्या, प्रशासनिक अधिकारी प्रदीप कुमार पाठक, हैमा फुलारा, जीवन चंद्र चुपडाल, हैमा पंत तथा बी.एड. प्रशिक्षु भी मौजूद रहे।
