पूरनपुर में ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने दिखाई हरी झंडी
पूरनपुर। क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए रविवार का दिन खुशखबरी लेकर आया। लंबे इंतजार के बाद ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू हो गया। गाड़ी संख्या 05018 के शुभारंभ के अवसर पर रेलवे स्टेशन पूरनपुर में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को विधिवत रवाना किया।
इस अवसर पर पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), इज्जतनगर के सहायक सुरक्षा आयुक्त मोहम्मद असलम सहित रेलवे और प्रशासनिक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। ट्रेन को अपराह्न लगभग 4:05 बजे पूरनपुर रेलवे स्टेशन से रवाना किया गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस के नियमित संचालन से पूरनपुर समेत आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी, जिससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
