Advertisement

हल्द्वानी में 24 घंटे में 22 मिमी बारिश, नैनीताल जिले में एक राज्य मार्ग बंद
हल्द्वानी। जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, नैनीताल द्वारा शनिवार सुबह 8 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार हल्द्वानी क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 22 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वर्तमान में हल्द्वानी में भी बारिश जारी है।
रिपोर्ट के अनुसार नैनीताल में 11 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि कालाढूंगी और खनस्यू (ओखलकांडा) में हल्की बारिश हो रही है। लालकुआं, रामनगर, कैंचीधाम और बेतालघाट में बादल छाए हुए हैं। कुछ स्थानों पर वर्षामापी (रेन गेज) उपलब्ध नहीं होने के कारण वर्षा का आंकड़ा दर्ज नहीं हो सका।
बारिश के चलते गर्जिया (घुघतीधार)-बेतालघाट-खैरना-ओडाखान-भटेलिया-मुक्तेश्वर मोटर मार्ग पर पापड़ी के पास भूस्खलन के कारण राज्य मार्ग-62 अवरुद्ध हो गया है। संबंधित विभाग द्वारा मार्ग खोलने का कार्य जारी है।
वहीं, वन विभाग द्वारा नैनीताल माल रोड स्थित चर्च के समीप सड़क किनारे पेड़ का कटान किए जाने के कारण एवरेस्ट होटल और इंडिया होटल के आसपास 3 से 4 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

फाइल फोटो

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *