रुड़की तहसील में रिश्वतखोरी का मामला, पीआरडी कर्मी विजिलेंस के हत्थे चढ़ा
रुड़की। तहसीलदार कार्यालय रुड़की में दाखिल-खारिज के एक मामले में रिश्वत मांगने के आरोप में विजिलेंस टीम ने एक पीआरडी कर्मी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी शुक्रवार को सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप कार्रवाई के दौरान की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि तहसीलदार कार्यालय रुड़की में पेशकार का कार्य देख रहे पीआरडी कर्मी संदीप कुमार उसकी बहन की भूमि के दाखिल-खारिज को रजिस्टर में दर्ज कराने के एवज में 4,500 रुपये रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर देहरादून के निर्देशन में ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने 19 जून 2026 को कार्रवाई करते हुए संदीप कुमार पुत्र बीरबल, निवासी थिथोला, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार, वर्तमान में तहसीलदार कार्यालय रुड़की में तैनात पीआरडी कर्मी, को गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस के अनुसार आरोपी ने रिश्वत की राशि प्राप्त करने के बाद उसे एक अज्ञात व्यक्ति को देकर मौके से भगा दिया, जिससे साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया गया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ रिश्वत मांगने और साक्ष्य नष्ट करने के आरोप में कार्रवाई की गई है।
विजिलेंस विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
