बिंदुखत्ता में शीशम का हरा पेड़ काटने पर वन विभाग की कार्रवाई, दो कीमती गिल्टे जब्त
लालकुआं। निकटवर्ती बिंदुखत्ता क्षेत्र में बिना अनुमति शीशम का हरा पेड़ काटे जाने के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए कीमती लकड़ी के दो बड़े गिल्टे बरामद किए हैं। मामले में संबंधित कृषक के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तराई पूर्वी वन प्रभाग की गौला रेंज के गश्ती वनकर्मियों को खुरियाखत्ता क्षेत्र में शीशम का पेड़ काटे जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर मौके पर पहुंची टीम ने महिपाल सिंह के खेत में शीशम की लकड़ी के दो बड़े गिल्टे बरामद किए। जांच में पाया गया कि ये गिल्टे हाल ही में काटे गए हरे शीशम के पेड़ के थे।
वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों गिल्टों को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया। इसके साथ ही संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वन विभाग द्वारा मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
वन क्षेत्राधिकारी चंदन सिंह अधिकारी ने बताया कि खेत में मिले शीशम के दोनों गिल्टे जब्त कर लिए गए हैं तथा मामले में नियमानुसार मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से पेड़ों की कटाई करने वालों के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENT

Promote Your Business Here

ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *