अपर सचिव सुरेश जोशी ने किया आंचल दुग्ध संघ की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण
हल्द्वानी से ग्रामीण समितियों तक पहुंचकर परखी दुग्ध उपार्जन एवं विपणन व्यवस्था
लालकुआं, 23 मई। उत्तराखण्ड शासन के अपर सचिव एवं डेरी विकास विभाग के निदेशक सुरेश जोशी ने शुक्रवार को नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं की विपणन गतिविधियों एवं दुग्ध उपार्जन व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हल्द्वानी नगर क्षेत्र में संचालित आंचल दुग्ध विक्रय केंद्रों का दौरा कर दूध एवं दुग्ध उत्पादों की बिक्री और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान अपर सचिव ने दुग्ध विक्रेताओं से बातचीत कर उपभोक्ताओं को मिल रही सुविधाओं तथा वितरण व्यवस्था से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं। उन्होंने विपणन व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं उपभोक्ता हितैषी बनाने के निर्देश दिए।
इसके बाद सुरेश जोशी ने नैनीताल दुग्ध संघ से संबद्ध हरीपुर कुंवर सिंह, बैडापोखरा एवं चांदनी चौक दुग्ध समितियों का निरीक्षण किया। उन्होंने दुग्ध संग्रहण कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही दुग्ध उत्पादकों से सीधे संवाद कर शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों को मिल रहे लाभ की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान दुग्ध उपार्जन एवं विपणन से जुड़े सभी कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थलों पर उपस्थित पाए गए, जिस पर अपर सचिव ने संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रभारी विपणन एवं प्रशासन संजय सिंह भाकुनी, प्रभारी पी एंड आई सुभाष बाबू, प्रभारी एफओ शांति कोरंगा, मार्ग प्रभारी लक्ष्मी पंत सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
