Advertisement

भीमताल – भीमताल स्थित एक प्रतिष्ठित निजी विश्वविद्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बीसीए द्वितीय वर्ष की छात्रा की लाश हॉस्टल के कमरे में फांसी के फंदे से लटकी मिली। मृतका की पहचान 18 वर्षीय उर्वशी तोमर पुत्री रामकृष्ण सिंह तोमर, निवासी वेदनाथ पुरम, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
छात्रा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल में बीसीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और हॉस्टल में ही रह रही थी। बुधवार देर शाम जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो अन्य छात्राओं को शक हुआ। हॉस्टल प्रबंधन को सूचना देने के बाद जब दरवाजा खोला गया तो उर्वशी को फांसी के फंदे पर लटका पाया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर भवाली अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है और मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

हालांकि छात्रा की आत्महत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल व अन्य निजी चीजों की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और वे भी भीमताल पहुंचने के लिए रवाना हो चुके हैं।

इस दुखद घटना से संस्थान में शोक की लहर है और छात्र-छात्राओं में मायूसी का माहौल है। वहीं पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *