डंपर स्वामी ने चौकी में मांगी माफी, पीयूष जोशी ने किया माफ

हल्दूचौड़। सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी को फोन पर जान से मारने और घर में वाहन घुसाने की धमकी देने के मामले में डंपर चालक व स्वामी पवन सिंह कोरंगा ने हल्दूचौड़ पुलिस चौकी में लिखित माफीनामा सौंप दिया। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अर्जुन गोस्वामी ने उसे कड़ी हिदायत देते हुए भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर को हल्दूचौड़ के संकरे ग्रामीण मार्ग पर तेज और अनियंत्रित गति से चल रहे डंपर संख्या UK 04 CC 2838 को लेकर पीयूष जोशी ने चालक को टोका था और पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने वाहन सीज कर दिया था। आरोप है कि कार्रवाई से नाराज वाहन स्वामी ने फोन पर पीयूष जोशी के साथ अभद्रता करते हुए धमकी दी थी। मामले में व्यापार मंडल और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
बाद में चौकी में स्थानीय लोगों की मौजूदगी में हुई वार्ता के दौरान पवन सिंह कोरंगा ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित और मौखिक माफी मांगी। पीयूष जोशी ने भी बड़ा दिल दिखाते हुए उसे माफ कर दिया।
पीयूष जोशी ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी से व्यक्तिगत रंजिश रखना नहीं, बल्कि ग्रामीण मार्गों पर तेज गति और ओवरलोडिंग पर रोक लगाकर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।