
हल्द्वानी में बनेगी खाटू श्याम जी के जीवन पर आधारित शॉर्ट फिल्म ‘शीश का दान’
हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित गली नंबर चार में शनिवार को ओम साईं फिल्म्स प्रोडक्शन के बैनर तले बनने जा रही शॉर्ट फिल्म ‘शीश का दान’ को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान फिल्म की विषयवस्तु और शूटिंग को लेकर जानकारी दी गई।
प्रोडक्शन के शिवम सिंह ठाकुर ने बताया कि फिल्म में खाटू श्याम जी के जीवन से जुड़ी सुनी-अनसुनी कहानियों को दर्शाया जाएगा। इसमें भगवान श्रीकृष्ण को शीश दान करने की कथा और कलियुग में भगवान श्रीकृष्ण के आशीर्वाद से श्याम नाम से प्रसिद्ध होने की गाथा को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग जल्द ही हल्द्वानी सहित उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में शुरू की जाएगी। इसमें मुंबई, दिल्ली और देहरादून के कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकार भी अभिनय करेंगे। उन्होंने कहा कि सीमित बजट में शुरू किया जा रहा यह प्रोजेक्ट बाबा श्याम के जीवन और उनकी महिमा को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास है।
प्रेस वार्ता में लक्ष्मी नारायण, अजय सक्सेना, शशि गुप्ता, रोहित दिवाकर, संजय जोशी, मोहम्मद नबी, मेहराज अली, मेकअप आर्टिस्ट सेजल, किच्छा के भजन गायक गौतम कोहली और लक्ष्मी देवी सहित अन्य कलाकार मौजूद रहे।