Advertisement

पुरुलिया: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में प्रेम संबंध के विवाद में एक युवती की कथित तौर पर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि युवक ने अपनी 21 वर्षीय प्रेमिका की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी और शव को प्लास्टिक की बोरी में लपेटकर बाइक से ठिकाने लगाने जा रहा था. इसी दौरान पुलिस की नाका चेकिंग में आरोपी पकड़ा गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार महतो (23) के रूप में हुई है. वह बाघमुंडी थाना क्षेत्र के हुरुमदा गांव का रहने वाला है. वहीं मृतका की पहचान प्रितिका महतो (21) के रूप में हुई है, जो बाघमुंडी थाना क्षेत्र के बुड़दा गांव की रहने वाली थी.

पुलिस के मुताबिक अमित पढ़ाई और नौकरी की तैयारी के लिए पुरुलिया शहर से सटे टामना थाना क्षेत्र में एक मेस में रहता था. प्रितिका भी इलाके में रहती थी और नर्सिंग की ट्रेनिंग कर रही थी. शनिवार को प्रितिका अमित के मेस में गई थी. प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि इसी मेस में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर युवती की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी ने शव को प्लास्टिक में लपेटा और देर रात बाइक से उसे ठिकाने लगाने के लिए पुरुलिया के बाघमुंडी-बालरामपुर रोड की ओर निकल पड़ा. इसी दौरान पीपीएसपी कार्यालय के सामने पुलिस की नाका चेकिंग चल रही थी.
चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार अमित को रोक लिया. जांच में प्लास्टिक में लिपटा शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अमित और प्रितिका के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था. दोनों एक ही कोचिंग में पढ़ते थे. पुलिस को आशंका है कि प्रेम संबंध में चल रहे विवाद और आपसी तनाव के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया. हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह क्या थी और वारदात के पीछे कोई अन्य कारण था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने आरोपी अमित कुमार महतो को पुरुलिया जिला अदालत में पेश किया और पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत की मांग की. अदालत ने आरोपी को 9 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार, वारदात की पूरी कड़ी और आरोपी के बयान की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या के बाद शव को कहां ले जाकर ठिकाने लगाने की योजना थी.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *