Advertisement

भारी मलबे से क्षतिग्रस्त हुआ बेली ब्रिज, बीआरओ कल से शुरू करेगा निर्माण कार्य
सेना के सहयोग से पैदल आवाजाही बहाल, ब्रिज का सामान मौके पर पहुंचा
धारचूला। तहसील धारचूला के अंतर्गत कुलागाड़ में भारी मलबे के कारण बेली ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित यातायात व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी गई है। बीती रात भारी मलबा आने के कारण बेली ब्रिज को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।


शनिवार को एसडीएम धारचूला आशीष जोशी ने कुलागाड़ पहुंचकर क्षतिग्रस्त बेली ब्रिज और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेते हुए यातायात व्यवस्था को जल्द बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि सेना के सहयोग से मार्ग को पैदल आवाजाही के लिए खोल दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों और प्रभावित क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को कुछ राहत मिली है। उन्होंने बताया कि नए बेली ब्रिज के निर्माण के लिए आवश्यक साजो-सामान भी मौके पर पहुंच गया है।
उन्होंने बताया कि रविवार से सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा बेली ब्रिज के निर्माण की कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कर यातायात व्यवस्था को सामान्य किया जा सके।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए बेली ब्रिज के निर्माण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जल्द से जल्द आवागमन सुचारु कराने के निर्देश दिए हैं।
बेली ब्रिज क्षतिग्रस्त होने के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। प्रशासन और सेना की तत्परता से फिलहाल पैदल आवाजाही शुरू होने से लोगों को राहत मिली है। अब लोगों की नजर बेली ब्रिज के निर्माण कार्य पर है, ताकि मार्ग पर यातायात जल्द सामान्य हो सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *