बद्रीनाथ धाम में तप्त कुंड में स्नान के दौरान दो महिला श्रद्धालुओं की मौत
बद्रीनाथ। बद्रीनाथ धाम में शुक्रवार सुबह तप्त कुंड में स्नान के दौरान दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। दोनों महिलाएं राजस्थान के भीलवाड़ा की रहने वाली थीं और आपस में रिश्ते की बहनें थीं। हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान से 100 से अधिक श्रद्धालुओं का एक दल चार सितंबर से बद्रीनाथ धाम में ठहरा हुआ है। शुक्रवार सुबह चार महिलाएं 108 डुबकी लगाने के संकल्प के साथ तप्त कुंड में स्नान कर रही थीं। बताया गया कि करीब 50 डुबकी लगाने के बाद अचानक दो महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर कुंड में गिर गईं।
मौके पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने दोनों महिलाओं को कुंड से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 71 वर्षीय रामु देवी पत्नी अमरचंद शर्मा और 73 वर्षीय प्रेम देवी पत्नी मदन शर्मा, निवासी भीलवाड़ा, राजस्थान के रूप में हुई है। वहीं, कुंड में स्नान कर रहीं अन्य दो महिलाएं भगवती देवी और सोहनी देवी सुरक्षित हैं।
थाना प्रभारी महादेव उनियाल के अनुसार, दोनों महिलाएं शुरुआत में धीरे-धीरे डुबकी लगा रही थीं। बाद में उन्होंने तेजी से डुबकी लगानी शुरू कर दी। इसी दौरान उनकी सांस फूलने के बाद दोनों बेहोश होकर कुंड में गिर गईं।
परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। एसडीएम के निर्देश पर पुलिस आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंपेगी। परिजनों के अनुसार, दोनों महिलाओं का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किया जाएगा।
