हल्दूचौड़ में ITBP ने मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, सेनानी राजेश कुमार जोशी ने फहराया तिरंगा
हल्दूचौड़। 34वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP), हल्दूचौड़ में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस शुक्रवार को धूमधाम, हर्षोल्लास और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। समारोह में वाहिनी के सेनानी राजेश कुमार जोशी ने राष्ट्रध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। राष्ट्रगीत की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, हिमवीरों और हिमवीरांगनाओं ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्मिकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के साथ अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए सेनानी राजेश कुमार जोशी ने वाहिनी के सभी अधिकारियों, हिमवीरों, हिमवीरांगनाओं और उनके परिवारजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग, बलिदान और संघर्ष का परिणाम है। राष्ट्र की सुरक्षा, सेवा और निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
समारोह में उप सेनानी (जीडी) फतेह सिंह, संजय तिवारी और शिवराज सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर, सहायक सेनानी (अभियंता) दीपू सिंह तथा सूबेदार मेजर रश्मि रंजन सहित वाहिनी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, हिमवीर और हिमवीरांगनाएं मौजूद रहे।
समारोह के दौरान ITBP परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा देश की प्रगति में योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।
