हल्दूचौड़ में ITBP हावा ने निकाली तिरंगा जन-जागरूकता रैली, गूंजा ‘वंदे मातरम्’
हल्दूचौड़। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 34वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP), हल्दूचौड़ में हिमवीर वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (हावा) की ओर से तिरंगा जन-जागरूकता रैली एवं सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम श्रीमती मुन्नी जोशी, चीफ पैट्रन, हावा, 34वीं वाहिनी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
तिरंगा जन-जागरूकता रैली 34वीं वाहिनी के मुख्य द्वार से शुरू होकर मल्टीपरपज हॉल तक पहुंची। रैली में हावा की सदस्याओं के साथ बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल प्रतिभागियों ने देशभक्ति गीतों और राष्ट्रभक्ति नारों के माध्यम से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
मल्टीपरपज हॉल पहुंचने के बाद हावा की सभी सदस्याओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इस दौरान राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य हिमवीर परिवारों एवं बच्चों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना रहा। हावा की सदस्याओं एवं बच्चों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और तिरंगे के सम्मान का संदेश भी दिया गया।
