समाचार सारांश टीम नेटवर्क
गदरपुर फायरिंग कांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; अवैध पिस्टल, तमंचा और दो स्कॉर्पियो बरामद
गदरपुर (ऊधमसिंह नगर), 4 अगस्त।
ऊधमसिंह नगर पुलिस ने गदरपुर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध .32 बोर पिस्टल, 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो स्कॉर्पियो वाहन और अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को सरदार नगर अंडरपास कट के पास पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि हमलावरों ने सहजपाल सिंह और उसके साथियों पर जानलेवा फायरिंग की, जिसमें गुरशरण उप्पल उर्फ गगन के पैर में गोली लगी, जबकि सहजपाल सिंह और सौरभ बाबा के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया। मामले में कोतवाली गदरपुर में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर, पुलिस अधीक्षक अपराध रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में गठित टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से 3 अगस्त को हरिपुरा जलाशय, गूलरभोज के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर सिंह विर्क (23), आकाशदीप सिंह (24), प्रशांत सिंह उर्फ मनी उर्फ पिद्दी (29) और सौरभ कुमार (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, एक 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक डंडा तथा घटना में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन बरामद किए हैं।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 3(5) तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की है। पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद छह आरोपियों में से चार की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
