शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल का आरोप; सितारगंज का सीए गिरफ्तार
सितारगंज। हरियाणा पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का कथित यौन शोषण करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और 25 लाख रुपये की उगाही करने के आरोप में सितारगंज निवासी एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बरेली से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गुरुग्राम के सुशांत लोक थाने में दर्ज एफआईआर में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2017 में दिल्ली में सीए की पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी मोहित अग्रवाल से हुई थी। रिश्तेदारी के कारण दोनों परिवारों के बीच विश्वास था। शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2020 में सितारगंज आने पर आरोपी ने शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए और बिना जानकारी के आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए।
पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2021 से 2023 के बीच आरोपी गुरुग्राम के विभिन्न होटलों में बुलाकर वीडियो वायरल करने की धमकी देता रहा और इसी डर का फायदा उठाकर लगातार यौन शोषण करता रहा। साथ ही मोबाइल, व्हाट्सएप, ई-मेल और बैंक खातों तक पहुंच बनाकर निजी जानकारी का दुरुपयोग किया तथा ब्लैकमेल कर करीब 25 लाख रुपये ऐंठ लिए।
एफआईआर के अनुसार, वर्ष 2023 में आरोपी ने दूसरी युवती से शादी कर ली, लेकिन इसके बाद भी कथित तौर पर पीड़िता का पीछा नहीं छोड़ा। फरवरी 2026 में पीड़िता की शादी तय होने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसके मंगेतर और परिजनों को आपत्तिजनक वीडियो भेजकर रिश्ता तुड़वा दिया। बाद में दूसरी जगह तय हुई शादी भी इसी तरह टूट गई।
पीड़िता की शिकायत पर 25 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। हरियाणा पुलिस ने तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी की लोकेशन बरेली में ट्रेस कर 29 जुलाई को उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, लैपटॉप, सोशल मीडिया अकाउंट, क्लाउड डेटा और बैंक खातों के लेन-देन सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच करा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
