Advertisement

35 लाख के ट्रामाडोल कारोबार का खुलासा, फार्मा स्टोर संचालक गिरफ्तार
देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ/एएनटीएफ को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र से बरामद 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल मामले में कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरनगर स्थित श्री सिद्धबली फार्मा स्टोर के संचालक सचिन मनिहाल को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ के अनुसार 11 मई 2026 को मंगलौर क्षेत्र से 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए थे। मामले की जांच के दौरान सामने आया कि मुजफ्फरनगर निवासी सचिन मनिहाल विभिन्न दवा कंपनियों से ट्रामाडोल कैप्सूल मंगवाकर उत्तराखंड में सप्लाई कर रहा था। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी देहरादून और हरिद्वार क्षेत्र में सक्रिय नेटवर्क के माध्यम से नशीली दवाओं की आपूर्ति कर रहा था और इससे भारी मुनाफा कमा रहा था।
एसटीएफ की जांच में खुलासा हुआ कि जनवरी 2026 से मई 2026 के बीच मात्र पांच माह में आरोपी ने एक ही दवा कंपनी से ट्रामाडोल कैप्सूल खरीदने के लिए करीब 35 लाख रुपये का भुगतान किया था। पूछताछ में आरोपी ने प्रतिबंधित कैप्सूलों की खरीद और सप्लाई की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल नशीली दवाओं की खरीद-फरोख्त और सप्लाई में किया जा रहा था। एसटीएफ अब आरोपी की अवैध संपत्तियों, आर्थिक लेन-देन और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *