Advertisement

वायरल वीडियो के बाद GST विभाग की कार्रवाई, नैनीताल की चर्चित मटन-चावल शॉप जांच के घेरे में

नैनीताल/हल्द्वानी। हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नयना गांव की प्रसिद्ध मटन-चावल शॉप राज्य कर (GST) विभाग की जांच के दायरे में आ गई है। विभागीय जांच में दुकान का वार्षिक कारोबार 50 लाख रुपये से अधिक पाए जाने का दावा किया गया है, जबकि अब तक व्यवसाय का जीएसटी पंजीकरण नहीं कराया गया है। विभाग ने संचालक को 12 जून तक पंजीकरण कराने का नोटिस देते हुए अनुपालन न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

नयना गांव स्थित यह दुकान वर्षों से स्थानीय लोगों, पर्यटकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच लोकप्रिय रही है। हाईवे किनारे स्थित होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग भोजन के लिए पहुंचते हैं और मटन-चावल की विशेष डिश इसकी पहचान बन चुकी है।

मामला उस समय चर्चा में आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में दावा किया गया कि दुकान पर प्रतिदिन बड़ी मात्रा में मटन और चावल की बिक्री होती है। वीडियो वायरल होने के बाद राज्य कर विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।

असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश त्रिवेदी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कारोबार से जुड़े दस्तावेजों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर यह अनुमान लगाया गया कि दुकान का वार्षिक टर्नओवर जीएसटी पंजीकरण की निर्धारित सीमा से अधिक है।

विभाग का कहना है कि मौजूदा नियमों के अनुसार इस श्रेणी के कारोबार पर जीएसटी पंजीकरण आवश्यक है तथा खाद्य कारोबार पर नियमानुसार कर देय होता है। जांच के दौरान दुकान संचालक चंदन सिंह ने शीघ्र पंजीकरण कराने का आश्वासन दिया है।

राज्य कर विभाग ने दुकान संचालक को 12 जून तक जीएसटी पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने का समय दिया है। निर्धारित अवधि में अनुपालन नहीं होने की स्थिति में जीएसटी अधिनियम के तहत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

जांच अभियान में विभाग के शैलेंद्र आगरी, मोहित चौहान और कैलाश जोशी भी शामिल रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *