प्रेम प्रसंग में युवक की पीट-पीटकर हत्या, मित्र गंभीर घायल
नई टिहरी। प्रतापनगर क्षेत्र के देवल गांव निवासी 18 वर्षीय केतन (कीर्तन) लाल की कथित रूप से प्रेम प्रसंग के विवाद में लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका मित्र दिवाकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जिला अस्पताल बौराड़ी में उपचार चल रहा है।
मृतक के पिता धनपाल लाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि रविवार रात एक युवती के मोबाइल से केतन को फोन कर खोलगढ़ गांव बुलाया गया था। केतन अपने मित्र दिवाकर के साथ वहां पहुंचा, जहां पहले से मौजूद लोगों ने दोनों पर हमला कर दिया। आरोप है कि केतन को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा गया।
घटना के बाद दोनों युवक रातभर घायल अवस्था में पड़े रहे। सोमवार सुबह परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने केतन को मृत घोषित कर दिया। दिवाकर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बौराड़ी रेफर किया गया।
एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर थाना लंबगांव में हत्या और एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक महेश लखेड़ा को सौंपी गई है। घटना से क्षेत्र में आक्रोश है और ग्रामीण दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
उत्तराखंड में प्रेम प्रसंग बना मौत का कारण (ब्रेकिंग न्यूज़)


