Ad

(ब्रेकिंग न्यूज)पुलिस भर्ती परीक्षा रेलवे प्रशासन ने स्टेशन पर की बड़ी तैयारी ।।



पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों हेतु इज्जतनगर मंडल द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं
बरेली, उत्तर प्रदेश प्रशासन द्वारा आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षा अवधि के दौरान स्टेशनों एवं विशेष ट्रेनों में यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
मंडल के प्रमुख स्टेशनों यथा – बरेली, बदायूं, उझानी, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा, कासगंज, कायमगंज, फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, गुरसहायगंज, कन्नौज तथा कानपुर अनवरगंज रेलवे स्टेशनों एवं संवेदनशील स्टेशनों पर यात्रियों के मार्गदर्शन एवं सहायता के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। यात्री सुविधा, स्टेशन सूचना बोर्ड, उद्घोषणा प्रणाली तथा अन्य यात्री सुविधाओं से संबंधित उपकरणों को निरंतर कार्यशील बनाए रखना सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे अभ्यर्थियों को यात्रा संबंधी आवश्यक जानकारी समय पर प्राप्त हो सके।
स्टेशनों के प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा प्लेटफार्मों पर भीड़ नियंत्रण एवं अनाधिकृत यात्रियों की रोकथाम हेतु पर्याप्त संख्या में रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं अन्य सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट खिड़कियों पर यात्रियों की सुव्यवस्थित कतार सुनिश्चित करने के लिए भी अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाया गया है।
इज्जतनगर मंडल द्वारा संचालित परीक्षा विशेष गाड़ियां अपने मार्ग में पड़ने वाले सभी छोटे-बड़े स्टेशनों पर निर्धारित ठहराव लेते हुए समयबद्ध रूप से संचालित की जा रही हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों के कोचों तथा संबंधित स्टेशनों पर पर्याप्त पेयजल, विद्युत प्रकाश व्यवस्था एवं स्वच्छता की व्यवस्था संबंधित विभागों द्वारा सुनिश्चित की जा रही है।
पूर्वोत्तर रेलवे यात्रियों एवं अभ्यर्थियों से अनुरोध करता है कि वे रेलवे द्वारा संचालित परीक्षा विशेष गाड़ियों का अधिकतम लाभ उठाएं तथा स्टेशन एवं ट्रेन परिसरों में अनुशासन बनाए रखते हुए रेलवे प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad