Advertisement

मोबाइल लूट कांड का खुलासा, दो युवक गिरफ्तार
हल्द्वानी। एसएसपी नैनीताल के निर्देशन में मंगलपड़ाव क्षेत्र में हुई मोबाइल लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और 26 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार 13 मार्च 2026 को हरेन्द्र सिंह पुत्र नकौल सिंह निवासी टीमर बड़ौन, खनस्यू (जनपद नैनीताल) ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 9 मार्च को अज्ञात व्यक्तियों ने उनका मोबाइल फोन लूट लिया था। बाद में उसी मोबाइल से गूगल पे के माध्यम से उनके खाते से 42 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए सुरागरसी-पतारसी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली।
इसके बाद 14 मार्च को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन और 26 हजार रुपये बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में अरुण सोलंकी (19) पुत्र आदेश सोलंकी निवासी एयरफोर्स गेट, नैनीताल रोड, थाना इज्जतनगर, जनपद बरेली तथा सचिन सोलंकी (20) पुत्र राजेन्द्र सोलंकी निवासी मुख्य बाजार, सर्प गांव मार्ग, थाना सोमेश्वर, जिला अल्मोड़ा शामिल हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *