Ad

बड़ी खबर(हल्द्वानी) अमेजॉन वेयरहाउस में आग, दो की मौत परिवार में कोहराम ।।


हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित अमेज़न के गोदाम में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11:50 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि रामपुर रोड पर शीतल होटल के सामने स्थित अमेज़न के गोदाम में अचानक आग भड़क गई है। सूचना मिलते ही थाना हल्द्वानी पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।
गोदाम में आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी। पुलिस और फायर सर्विस की टीमों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। आग बुझने के बाद जब गोदाम के अंदर सर्च ऑपरेशन चलाया गया तो वहां कार्यरत दो कर्मचारियों के शव बरामद हुए।
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नरेंद्र प्रसाद पुत्र सदी राम निवासी बागजाला, गोलापार तथा 25 वर्षीय अमित आर्य पुत्र प्रताप राम निवासी पंचायत घर के पास, रामपुर रोड हल्द्वानी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों की मौत गंभीर रूप से झुलसने और धुएं के कारण दम घुटने से हुई।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों और क्षेत्रवासियों ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
पुलिस के अनुसार, मौके पर स्थिति अब पूरी तरह सामान्य है, जबकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad