लालकुआं में फिर दर्दनाक हादसा, डंपर की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
लालकुआं, 18 अप्रैल। बिंदुखत्ता क्षेत्र के काररोड मुख्य बाजार में शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार इंद्रानगर द्वितीय, बिंदुखत्ता निवासी कुंवर सिंह गड़िया शनिवार को काररोड बाजार से सब्जी खरीदकर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर (संख्या यूए 01-1728) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर तक घिसट गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
सूचना पर पहुंची लालकुआं पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों और अव्यवस्थित यातायात के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से बाजार में स्पीड ब्रेकर लगाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
दुखद(लालकुआं) एक दिन में दो घटनाएं, दो की मौत।।


