गुमशुदा युवती हत्याकांड में बड़ा खुलासा, डीएनए रिपोर्ट से कंकाल की हुई शिनाख्त
देहरादून। विकासनगर क्षेत्र में पिछले साल हुई गुमशुदा युवती की हत्या के मामले में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के लगातार प्रयासों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर सहारनपुर के हथिनीकुंड बैराज से मिले मानव कंकाल की शिनाख्त गुमशुदा युवती के रूप में हो गई है। डीएनए रिपोर्ट मिलने के बाद अब पुलिस आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए अदालत में और मजबूत पैरवी करेगी।
एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में कोतवाली विकासनगर पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने युवती की हत्या कर शव को शक्ति नहर में फेंकने की बात कबूल की थी।
जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर 2025 को जीवनगढ़ निवासी गोपाल ने अपनी 22 वर्षीय पुत्री की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि ढकरानी निवासी शहबाज उनकी बेटी को लंबे समय से परेशान कर रहा था और उसे बहला-फुसलाकर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने युवती की सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 12 सितंबर 2025 को आरोपी शहबाज को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि युवती पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया गया था। विरोध करने पर उसने अपने साथी फैजान और एक विधि विवादित किशोर के साथ मिलकर युवती को बहाने से कुल्हाल क्षेत्र में ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी और शव शक्ति नहर में फेंक दिया।
इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाईं। पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से युवती की चुन्नी बरामद की गई, जबकि दूसरे आरोपी फैजान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की।
मृतका की तलाश में पुलिस ने कई दिनों तक शक्ति नहर और आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान 16 अक्टूबर 2025 को सहारनपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र स्थित हथिनीकुंड बैराज में बिना सिर का एक कंकाल मिलने की सूचना मिली। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने कंकाल और युवती के माता-पिता के डीएनए सैंपल लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे।
अब 12 मई 2026 को आई डीएनए रिपोर्ट में कंकाल का मिलान मृतका के माता-पिता से हो गया है। इससे पुलिस की जांच को बड़ी मजबूती मिली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब अदालत में ठोस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
बड़ी खबर(देहरादून)माता-पिता के डीएनए से मिलान , युवती की हत्या का हुआ खुलासा ।


